Saturday, June 19, 2021

अलविदा मिल्खा सिंह जी

            भारत के महान धावक एवं एथलेटिक्स में देश का गौरव बढ़ाने वाले पद्मश्री मिल्खा सिंह जी का गत दिवस (शुक्रवार )को निधन 91 वर्ष कीआयु में निधन हो गया. वे कोरोना संक्रमण से ग्रसित थे.
            मिल्खा सिंह जी का जन्म 20 नवंबर 1929 को अविभाजित भारत के गोविंदपुरा में  एक किसान परिवार में हुआ था. वे अपने माता पिता की  15 संतानों में से एक थे. विभाजन की त्रासदी  के दौरान उनके माता-पिता  एवं आठ भाई-बहन मारे गए. इस  भयावह हादसे  के बाद मिल्खा सिंह पाकिस्तान से ट्रेन की महिला बोगी में छिपकर किसी तरह दिल्ली पहुंचे.
           मिल्खा सिंह जी ने देश के  विभाजन के बाद दिल्ली के शरणार्थी शिविरों में अपने दुखदायी दिनों को याद करते हुए एक बार कहा था, '"जब पेट खाली हो तो देश के बारे में कोई कैसे सोच सकता है? जब मुझे रोटी मिली तो मैंने देश के बारे में सोचना शुरू किया." इन विषम परिस्थितियों से उत्पन्न आक्रोश ने उन्हें आखिरकार असाधारण लक्ष्य तक  पहुॅंचा दिया. उन्होंने कहा था, 'जब आपके माता-पिता को आपकी आंखों के सामने मार दिया गया हो तो क्या आप कभी भूल पाएंगे... कभी नहीं.'
             मिल्खा सिंह 'फ्लाइंग सिख' के नाम से जाने जाते थे.  2016 में 'इंडिया टुडे' को दिए इंटरव्यू में उन्होंने इसके पीछे की घटना बतायी ," 1960 में उनको पाकिस्तान की "इंटरनेशनल एथलीट प्रतियोगिता' में भाग लेने का आमंत्रण मिला था. पर देश के विभाजन की त्रासदी के अपने दुःखद अनुभव को  भुला नहीं पा रहे थे, और पाकिस्तान नहीं जाना चाहते थे. भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को जब यह बात पता चली तो उन्होंने मिल्खा सिंह को समझाया.  तब वे पाकिस्तान जाने के लिए राजी हुए.
             पाकिस्तान में उस समय अब्दुल खालिक की तूती बोलती  थी जो वहाँ  के वह सबसे तेज धावक थे. प्रतियोगिता के दौरान लगभग 60000 पाकिस्तानी फैन्स अब्दुल खालिक का जोश बढ़ा रहे थे, लेकिन मिल्खा सिंह की रफ्तार के सामने खालिक टिक नहीं पाए थे.  
              इस जीत के बाद पाकिस्तान के तत्कालीन राष्ट्रपति फील्ड मार्शल अयूब खान ने उन्हें 'फ्लाइंग सिख' का नाम  से संबोधित किया और वे इस नाम से जाने जाने लग."
               मिल्खा सिंह चार बार  एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता रहे. उन्होंने 1958 के  'कामनवैल्थ गेम्स' में भी स्वर्ण पदक प्राप्त किया था.  1959 में उन्हें खेलों में योगदान के लिये देश के महान सम्मान 'पद्मश्री' से सम्मानित किया गया. उन्होंने 1956, 1960   एवं1964  के ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया था. यद्यपि उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन  1960 के 'रोम ओलंपिक' में था, जिसमें वे 400 मीटर फाइनल में चौथे स्थान पर रहे थे.
            'राष्ट्रमंडलीय  और एशियाई खेलों' के स्वर्ण पदक विजेता मिल्खा सिंह के नाम 400 मीटर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड 38 साल तक रहा.
             मिल्खा सिंह जी के महाप्रयाण के साथ एथलीट के एक युग का अवसान हो गया. वे ऐसे व्यक्तित्व थे जिनका देशवासियों जिनका  के ह्रदय में विशेष सम्मान था.  देश के ऐसे महान रत्न को विनम्र श्रद्धांजलि.
                               🙏🙏🙏

Friday, June 4, 2021

प्रकृति से अनुकूलता के दृढ़ संकल्प की आवश्यकता

              आज सारे संसार में आज  5 जून को  ' विश्व पर्यावरण दिवस '  मनाया जा रहा  है। इसे मनाने का उद्देश्य दुनियाँ भर में लोगों को पर्यावरण की सुरक्षा के प्रति जागरूक और सचेत करना है।
               इस दिवस को मनाने की शुरुआत 1972 में 'संयुक्त राष्ट्र महासभा' द्वारा आयोजित 'विश्व पर्यावरण सम्मेलन ' में चर्चा के बाद लिये निर्णय के पश्चात् हुई  और  5 जून 1973 को प्रथम 'विश्व पर्यावरण दिवस' मनाया गया।
               प्रति वर्ष   'विश्व पर्यावरण दिवस' की एक थीम (theme) रखी जाती  है l गत वर्ष (2020 ) की थीम  ‘जैव-विविधता’ ( ‘Celebrate Biodiversity’ )  रखी गयी थी जिसके माध्यम से  संदेश दिया गया कि 'जैव विविधता संरक्षण एवं प्राकृतिक संतुलन' होना मानव जीवन के अस्तित्व के लिए अति आवश्यक है।   
                 इस वर्ष 2021  के लिये 'विश्व पर्यावरण दिवस ' की थीम  'पारिस्थितिकी तंत्र की बहाली (Ecosystem Restoration)'  रखी गयी है l  इसका आशय है कि वनों को नया जीवन देकर, पेड़-पौधे लगाकर, बारिश के पानी को संरक्षित करके और तालाबों का निर्माण करके हम पारिस्थितिकी तंत्र को फिर से बहाल कर सकते हैं l यह निर्विवाद है कि  संपूर्ण मानवता का अस्तित्व प्रकृति पर निर्भर है। इसलिए एक स्वस्थ एवं सुरक्षित पर्यावरण के बिना मानव समाज की कल्पना अधूरी है। 
              हमारे देश प्राचीन परंपराओं में 'प्रकृति संरक्षण' को विशेष महत्व दिया गया हैl भारत में पेड़-पौधों, नदी-पर्वत, ग्रह-नक्षत्र, अग्नि-वायु सहित प्रकृति के विभिन्न रूपों के साथ मानवीय संबंध स्थापित  किये गये हैं। पेड़ की तुलना संतान से की गई है तो नदी को मातृ स्वरूप माना गया है। ग्रह-नक्षत्र, पहाड़ और वायु देवरूप माने गए हैं।  भारत के वैज्ञानिक दृष्टि रखने वाले ऋषि-मुनि को प्रकृति संरक्षण और मानव के स्वभाव की गहरी समझ रखते थे। वे जानते थे कि मानव अपने क्षणिक लाभ के लिए कई अवसरों पर गंभीर भूल कर अपनी ही भारी हानि कर सकता है। इसलिए उन्होंने प्रकृति के साथ मानव के संबंध विकसित करने का प्रयास किया। ताकि मनुष्य को प्रकृति को गंभीर क्षति पहुंचाने से रोका जा सके। यही कारण है कि प्राचीन काल से ही भारत में प्रकृति के साथ संतुलन करके चलने का महत्वपूर्ण संस्कार रहा l कवि व साहित्यकार भी इसके प्रति सचेष्ट थे l महात्मा कबीर  की निम्नांकित सीख दृष्टव्य है-
   " वृक्ष कबहुँ न फल भखें, नदी न संचै नीर, 
              परमारथ  के  कारने ,  साधुन  धरा  शरीर l"
            हमारे ऋषि- मुनि अच्छी तरह जानते थे कि वृक्षों में भी चेतना होती है। इसलिए उन्हें मनुष्य के समतुल्य माना गया है। ऋग्वेद से बृहदारण्यकोपनिषद्, पद्मपुराण और मनुस्मृति सहित अन्य वाङमयों में इसके संदर्भ मिलते हैं। छान्दोग्यउपनिषद् में उद्दालक ऋषि अपने पुत्र श्वेतकेतु से आत्मा का वर्णन करते हुए कहते हैं कि वृक्ष जीवात्मा से ओतप्रोत होते हैं और मनुष्यों की भाँति सुख-दु:ख की अनुभूति करते हैं। एक वृक्ष की मनुष्य के दस पुत्रों से तुलना की गई है l
             प्राचीन समय से ही हमारे देश के सामाजिक जीवन में घर-घर में तुलसी का पौधा लगाने की परंपरा हैl तुलसी का पौधा मनुष्य को सबसे अधिक प्राणवायु ऑक्सीजन देता है। तुलसी के पौधे में अनेक औषधीय गुण भी मौजूद हैं। पीपल को देवता मानकर भी उसकी पूजा नियमित इसीलिए की जाती है क्योंकि वह भी अधिक मात्रा में ऑक्सीजन देता है।
             भारतीय लोक जीवन में   पर्वों को प्रकृति से जोड़ दिया गया था  जैसे- 'वट पूर्णिमा 'और 'आंवला नवमी' का पर्व मनाने का उद्देश्य वटवृक्ष और आंवले के वृक्षों के संरक्षण की चेतना उत्पन्न करना है ।   मकर संक्रान्ति, वसंत पंचमी, महाशिवरात्रि, होली, नवरात्र, गुड़ी पड़वा, ओणम्, दीपावली, कार्तिक पूर्णिमा, छठ पूजा, शरद पूर्णिमा, अन्नकूट, देव प्रबोधिनी एकादशी, हरियाली तीज, गंगा दशहरा आदि सभी पर्वों में प्रकृति संरक्षण का संदेश छिपा है।  विद्या की देवी 'सरस्वती जी' को पीले फूल पसंद हैं। धन-सम्पदा की देवी ' लक्ष्मी जी 'को कमल और गुलाब के फूल से प्रसन्न किया जा सकता है। ' गणेशजी' दूर्वा से प्रसन्न हो जाते हैं।  प्रत्येक देवी-देवता भी पशु-पक्षी और पेड़-पौधों से लेकर प्रकृति के विभिन्न अवयवों के संरक्षण का संदेश देते हैं।
              जलस्रोतों के  महत्व को भी हमारे यहाँ  सदैव से स्वीकार किया गया है। ज्यादातर ग्राम एवं नगर नदियों के किनारे पर बसे हैं। जो ग्राम व नगर नदी किनारे नहीं थे, वहाँ  तालाब बनाए जाते थे। बिना नदी या ताल के गांव-नगर के अस्तित्व की कल्पना नहीं है।  जल दीर्घायु प्रदायक, कल्याणकारक, सुखमय और प्राणरक्षक होता है। शुद्ध जल के बिना जीवन संभव नहीं है। यही कारण है कि जलस्रोतों को बचाए रखने के लिए हमारे ऋषियों ने इन्हें सम्मान दिया। हमारे यहाँ गंगा सहित सभी जीवनदायनी नदियों को माँ का स्थान दिया  गया है।
              पर्यावरण संरक्षण में जीव-जन्तुओं के महत्व को पहचानकर हमारे महर्षियों ने उनकी भी देवरूप में अर्चना की है। मनुष्य और पशु परस्पर एक-दूसरे पर निर्भर हैं। हमारे  परिवारों में पहली रोटी गाय के लिए और आखिरी रोटी कुत्ते के लिए निकालने की परंपरा है। लोग चींटियों कोआटा डालते हैं ; चिडिय़ों और कौओं के लिए घर की मुंडेर पर दाना-पानी रखा जाता है।  नाग पंचमी पर नाग की पूजा की जाती है  l नाग-विष से मनुष्य के लिए प्राणरक्षक औषधियों का निर्माण होता है। नाग पूजन के पीछे का रहस्य ही यह है। 
              प्रकृति से खिलवाड़ विनाशकारी होता है, कोरोना संकट ने यह पूर्णतया स्पष्ट कर दिया है l विकास के नाम पर वृक्षों के अंधाधुंध कटान ने प्राकृतिक संतुलन बिगाड़ दिया है l इस संकट में आक्सीजन की कमी  से अनेक व्यक्ति काल के गाल में समा गये l अब आक्सीजन देने वाले एव  प्रदूषण  हरने वाले पेड़ों को लगाने पर  जोर दिया जा रहा l मुझे सुकवि जय शंकर प्रसाद जी की निम्नांकित याद आ रहीं हैं-
        "प्रकृति करती अपने अनुकूल, 
                 हम नही कर सकते प्रतिकूल ;
            हमारा    अपना   ही    दुर्बोध, 
                  लिया  करता हमसे  प्रतिशोध."l
                       
               आइये! पर्यावरण दिवस पर प्रकृति से अनुकूलता का संकल्प लें l